गोपालगंज थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पिछले 15 साल से महिला को डरा-धमकाकर और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। इस बीच उसने पति से तलाक भी करा दिया। लेकिन अब वह शादी करने से मना कर रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के अनुसार गोपालगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने पति के साथ वर्ष 2008 में किराए का कमरा लेकर रह रही थी।
पति प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह दिन और रात में ड्यूटी करता था। इसी बीच उसके पति की दोस्ती 38 वर्षीय प्रदीप दुबे निवासी पोद्दार कॉलोनी से हुई। पति के साथ आरोपी प्रदीप शराब पीने के लिए घर आने लगा। वर्ष 2008 में ही पति की 15 दिन के लिए रात की ड्यूटी लगी। तभी आरोपी प्रदीप दुबे रात के समय कमरे में आया और दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर बच्ची और पति को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद आरोपी लगातार शोषण करता रहा। दुष्कर्म के कारण वर्ष 2009 में पीड़िता गर्भ से हो गई। उसने बच्ची को जन्म दिया, जो इस समय 14 साल की है।
पीड़िता कमरा खाली कर पति के साथ दूसरे स्थान पर रहने लगी। लेकिन पति के साथ आरोपी वहां भी आने लगा। जहां उसने शादी का झांसा दिया और 2022 में उसके पति से तलाक करवा दिया। आखिरी बार आरोपी ने जुलाई 2023 में पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। जिसके बाद पीड़िता ने उससे शादी करने का बोला तो आरोपी ने कुछ समय रुकने का बोला। जिसके बाद उसने घर आना बंद कर दिया। मोबाइल बंद कर लिया। पीड़िता जब आरोपी से मिलने पहुंची और शादी का बोला तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। गोपालगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Post a Comment