सागर। लोकसभा चुनाव की तारीख घोषित होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। तैयारियों के चलते गुरुवार को सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने पार्षद दल की बैठक बुलाई। बैठक में पार्टी के संगठन एप और लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम की जानकारी दी गई। विधायक जैन ने कहा कि भाजपा की अपनी एक पहचान है। फिर भी संगठन द्वारा जो दिशा निर्देश मिले हैं, उन्हें पूरा करना है। लोकसभा चुनाव में पूरी लगन और ईमानदारी के साथ मतदाताओं तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम से आप अपने बूथ को ही मजबूत नहीं करेंगे, बल्कि आपको उससे केंद्र की वस्तुस्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी। हमें एक भी घर नहीं छोड़ना है। इस बार के चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व ने 400 पार का जो संकल्प लिया है उस संकल्प को हम सभी को मिलकर पूरा करना है।
संगठन एप पर सागर की स्थिति ठीक नहीं जिला महामंत्री श्याम तिवारी ने संगठन एप के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पार्षदों के लिए अपने क्षेत्रों में जो भी कार्य कर रहे हैं जैसे हितग्राही संपर्क, स्वच्छता अभियान, वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों से संवाद आदि कार्यों की जानकारी एप के माध्यम से अपलोड करें। तभी आप के द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी संगठन तक पहुंच पाएगी। उन्होंने कहा कि सागर जिले की परफॉर्मेंस अभी भी ठीक नहीं है। उसे ठीक करते हुए हमें सभी जिलों में नंबर वन बनना है।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि संगठन ने जो हमें जिम्मेदारी सौंपी हैं, उनको गंभीरता के साथ पूर्ण करना है। अभी यह देखा गया है कि संगठन एप और लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम को लेकर कई वार्डों में कार्य नहीं किए जा रहे। इससे सागर जिले की परफॉर्मेंस कमजोर हो रही है। इसलिए सभी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन एप को लेकर गंभीरता से कार्य करें। बैठक में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, मंडल अध्यक्ष विक्रम सोनी, मनीष चौबे, रीतेश मिश्रा, विनोद तिवारी, नरेश यादव, धर्मेंद्र खटीक, अनूप उर्मिल, रूपेश यादव, मेघा दुबे, नितिन बंटी शर्मा आदि मौजूद थे।
Post a Comment