सागर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लाखा बंजारा झील का सौंदर्यीकरण कार्य प्रगति पर

सागर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लाखा बंजारा झील का सौंदर्यीकरण कार्य प्रगति पर
सागर। स्मार्ट सिटीज मिशन के तहत सागर के शहरी बुनियादी ढांचे में तेजी से सुधार और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में, शनिवार की सुबह सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ और नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने लाखा बंजारा झील के कायाकल्प और शेष सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। खत्री ने मोंगा बधान क्षेत्र में पहुंचकर झील किनारे बनाए गए पैदल पथ और कलात्मक सजावट का जायजा लिया, जिसे सागर के नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जा रहा है।

झील किनारे लगभग 5.5 किलोमीटर का पाथवे अलग-अलग थीम्स पर सजाया गया है। इसमें मोंगा बधान से संजय ड्राइव तक का 125 फीट लंबा हिस्सा राजशाही वास्तुकला के सुंदर स्वरूप को दर्शा रहा है। सफेद संगमरमर और राजनगर मार्बल से बने 8-10 फीट ऊंचे 19 खंभों पर नक्काशीदार मेहराब और जालियां राजस्थान के कुशल कारीगरों द्वारा तैयार की गई हैं। इस क्षेत्र में झील की भीतरी सीमा के एक ओर कोबल स्टोन पाथवे और दूसरी ओर झील का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने इस कलाकृति का निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि दिन के समय झील जितनी सुंदर दिखती है, रात में भी उसकी चमक बनी रहे। इसके लिए झील किनारे पर्याप्त फसाड लाइटिंग और सफेद रोशनी का प्रबंध किया जाए ताकि संगमरमर का सौंदर्य रात में भी उभरकर सामने आए। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कहा कि कार्य पूरा होते ही क्षेत्र में साफ-सफाई की जाए और निर्माण सामग्री को तुरंत हटाया जाए।

झील का यह सौंदर्यीकरण सागर के लोगों को न केवल पर्यटन का एक नया अनुभव देगा बल्कि धार्मिक और विरासत पर्यटन का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। अब तक हुए विकास कार्यों से झील की लोकप्रियता में इजाफा हुआ है, और अन्य शहरों से लोग इस खूबसूरत झील के दर्शन के लिए आ रहे हैं। यहाँ आने वाले लोग नौकायन का आनंद ले रहे हैं, और शेष कार्य पूरा होने के बाद यहाँ वॉटर स्पोर्ट्स और अन्य जलक्रीड़ा की भी संभावनाएँ बनेंगी।

राजकुमार खत्री ने कहा कि सागर स्मार्ट सिटी के तहत लाखा बंजारा झील का यह कायाकल्प सागर के सौंदर्य और पर्यटन की दिशा में एक नया इतिहास रच रहा है। झील किनारे विकसित की गई विभिन्न सुविधाओं के कारण यह स्थान परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए एक आकर्षक स्थल बन गया है।

0/Post a Comment/Comments

Domain