BMC में कथित छेड़छाड़ से भड़का आक्रोश, शिवसेना बोली- जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिलेभर में होगा उग्र प्रदर्शन
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में बीती रात एक महिला नर्स के साथ 4-5 लोगों द्वारा कथित छेड़छाड़ की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। अस्पताल जैसी संवेदनशील और सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर हुई इस घटना के बाद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने काम बंद कर बीएमसी के बाहर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
इस मामले में शिवसेना के राज्य संगठक मनी सिंह गुरोन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली व्यवस्था के बीच अगर अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं है, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मनी सिंह गुरोन ने कहा, "मां-बहनों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वाले ऐसे तत्व समाज के लिए कलंक हैं। इनके खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी महिला के सम्मान पर हाथ डालने की हिम्मत न कर सके।"
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो शिवसेना पूरे जिले में उग्र आंदोलन छेड़ेगी और सड़कों पर उतरकर जनआक्रोश का प्रदर्शन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
फिलहाल बीएमसी परिसर में भारी तनाव का माहौल है। अस्पताल कर्मियों का कहना है कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। पूरे मामले को लेकर शहरवासियों में भी रोष व्याप्त है और लोग महिला सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Post a Comment