103 साल का दूल्हा ,49 साल की दुल्हन, मध्यप्रदेश में अनोखी शादी

103 साल का दूल्हा ,49 साल की दुल्हन, मध्यप्रदेश में अनोखी शादी 
आमतौर पर 80-90 साल तक पहुंचते-पहुंचते लोग कर्मों का हिसाब लगाने लगते हैं। सोचते हैं कि उनकी जिंदगी के चंद ही दिन बाकी हैं, जिन्हें ऊपर वाले की बंदगी में बिताया जाए। लेकिन भोपाल में एक शख्स ने 103 साल की उम्र में निकाह कर एक बार फिर दुनिया बसा ली।

दरअसल, शनिवार को एक वीडियो सामने आया। इसमें 103 साल के बुजुर्ग निकाह के बाद ऑटो से अपनी 49 साल की बेगम को घर ले जाते दिख रहे हैं। लोगों की मुबारकबाद को वे खुशी-खुशी स्वीकार करते नजर आए।

पड़ताल में पता चला कि वीडियो भोपाल के इतवारा में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी हबीब नजर का है। उन्हें इलाके में लोग मंझले भाई के नाम से भी जानते हैं। वीडियो एक साल पहले का है। उन्होंने 2023 में फिरोज जहां से शादी की थी। संभवतः वे मध्यप्रदेश के सबसे उम्रदराज दूल्हा हैं, जिसने उम्र के इस पड़ाव में शादी की है।
संवाददाता ने उनके घर पहुंचकर इस उम्र में शादी करने की वजह जानी तो न केवल उन्होंने शादी करने की वजह जानी तो न केवल उन्होंने तीसरे निकाह के कारण बताए, बल्कि उनकी पत्नी ने भी फैसले को सही ठहराया। 
अकेला था इसलिए किया तीसरा निकाह

स्वतंत्रता सेनानी हबीब नजर का यह तीसरा निकाह है। दैनिक भास्कर से बात करते हुए उन्होंने बताया, 'मेरी उम्र 104 साल है। पत्नी की उम्र 50 साल है। मैंने यह निकाह पिछले साल 2023 में किया था। 1918 या 1920 की बात होगी, तब मेरा पहला निकाह नासिक में हुआ था। पत्नी के इंतकाल के बाद दूसरा निकाह लखनऊ में हुआ। तीसरी शादी से करीब डेढ़ साल पहले वह भी दुनिया से चली गईं।

उनके जाने के बाद उम्र के इस पड़ाव पर मैं खुद को अकेला महसूस करने लगा। मेरी ख़िदमत के लिए कोई नहीं था। इस कारण मैंने निकाह का सोचा। इस बीच कहीं से फिरोज जहां के बारे में पता चला। वह भी अकेली थी, तो हमने निकाह कर साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।' 
17 रुपए लेकर गांधी जी को देखने गया था

हबीब नजर ने बातों ही बातों में बताया, 'हमारे दौर में महात्मा गांधी बहुत बड़ी हस्ती थीं। उनका क्रेज यह था कि मेरे पिता ने मुझे उस समय 17 रुपए दिए, और कहा कि तुम जाकर महात्मा गांधी को देखकर आओ। 17 रुपए उस जमाने में बहुत बड़ी बात होती थी। यह रुपए मैंने जाने-आने और खाने-पीने के लिए खर्च किए। उनको देखा और भोपाल लौट आया।' हालांकि, वे यह नहीं बता पाए कि गांधीजी को देखने कहां गए थे। 
अपनी मर्जी से किया निकाह
दोगुनी से अधिक उम्र के बुजुर्ग से निकाह के बारे में फिरोज जहां ने बताया, 'मैंने अपनी मर्जी से शादी की है। हालांकि, मैंने पहले इस निकाह के लिए मना कर दिया था, फिर बाद में पता चला कि वह बुजुर्ग हैं। उनकी ख़िदमत के लिए कोई नहीं है, तो फिर यह फैसला ले लिया। इस निकाह से खुश हूं। मुझे उनके बारे में हमारे रिश्तेदारों ने बताया था।' 
पूरी तरह से स्वस्थ, कोई बीमारी नहीं

फिरोज जहां ने बताया कि हबीब उम्र के इस पड़ाव पर भी पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनको किसी प्रकार की कोई बीमारी नहीं है। हाल में उनके सभी टेस्ट हुए हैं। आम तौर पर लोगों को इस उम्र में शुगर समेत अन्य बीमारियां हो जाती हैं, लेकिन इन्हें ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। अब उनको सिर्फ कमजोरी रहती है। वह भी इसलिए कि उन्हें खाने-पीने में परेशानी होती है।

MP में पहले भी हुई हैं ऐसी शादियां

उज्जैन में मार्च 2022 में 82 साल के शख्स ने 38 साल की दुल्हन से शादी की थी। बुजुर्ग ने विशेष विवाह अधिनियम के तहत कोर्ट मैरिज की, जहां दोनों ने एक-दूसरे का सहारा बनने की बात कही।

फरवरी 2023 में सतना जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत रामनगर जनपद में 65 साल की मोहनिया बाई ने 75 साल के बुजुर्ग भगवानदीन सिंह गोंड ने शादी रचाई। दोनों बुजुर्ग बीते करीब 10 साल से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे।

दुनिया का सबसे उम्रदराज दूल्हा

पिछले साल यानी जुलाई 2023 में सऊदी के अफीक प्रांत के रहने वाले नादिर बिन दहैम वाहक अल मुर्शीदी अल ओताबी ने पांचवीं शादी का जश्न मनाया। इसका वीडियो भी सामने आया था। शादी में उनका पोता भी मौजूद है, जो दादा को निकाह की बधाई देता हुआ दिख रहा था। उन्होंने कहा कि शादी ही उसकी अच्छी सेहत का राज है।

0/Post a Comment/Comments

Domain