Sagar : साईखेड़ा तिराहा पर दर्दनाक हादसा: मानी सिंह गुरुन की सूचना पर पहुंची पुलिस, दो युवक गंभीर घायल
नेशनल हाईवे-44 स्थित साईखेड़ा तिराहा पर शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे की सूचना सतनाम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मानी सिंह गुरुन ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। उनकी सूचना के बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची, जबकि हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक का पैर कट गया।
सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर स्थित साईखेड़ा तिराहा के पास शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक का पैर कटकर अलग हो गया, जिसकी हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सतनाम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मानी सिंह गुरुन अपनी खेती देखने गए थे और वापस लौटते समय उन्होंने साईखेड़ा तिराहा के पास सड़क पर लोगों की भारी भीड़ देखी। मौके पर पहुंचने पर उन्हें हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने बिना देर किए पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दुर्घटना की सूचना दी।
इसके अलावा मानी सिंह गुरुन ने स्थानीय नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के पीए को भी घटना से अवगत कराया, ताकि घायलों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल घायलों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश भी जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे-44 पर यातायात प्रभावित रहा।
Post a Comment