कलेक्टर दीपक सिंह ने किया लोकसेवा केन्द्रों का औचक निरीक्षण

लोकसेवा केन्द्र गुड गवर्नेंस का प्रभावी माध्यम है कलेक्टर दीपक सिंह
सागर:- मंगलवार को कलेक्टर दीपक सिंह ने शहरी एवं ग्रामीण लोक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया साथ ही केंद्र पर विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन लेकर आए आवेदकों को दी जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोकसेवा केन्द्र गुड गवर्नेंस का प्रभावी माध्यम है।

कलेक्टर दीपक सिंह ने कहा कि कोविड गाइडलाइंस के अनुसार केंद्र के बाहर एवं अंदर ज्यादा भीड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो यह सुनिश्चित करने के लिए 1 काउंटर पर अधिकतम दो व्यक्तियों को ही खड़े रहने की अनुमति दी जाए। अन्य आवेदकों को बैठने के लिए यथोचित स्थान सुनिश्चित किया जाए।
लोकसेवा केन्द्र के बाहर वहां दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाए। केंद्रों में रिकॉर्ड संधारण के लिए अलमारी रखने तथा प्राधिकृत अधिकारी को नियत समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण लोक सेवा केंद्रों को लक्ष्य के अनुसार आधार कार्ड तथा आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विभिन्न गांवों में कैंप आयोजित कर लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक सेवा केन्द्र का उद्देश्य आमजन को बिना परेशानी के सेवाएँ देना है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा वॉट्सऐप तथा डिजिटल माध्यम से भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल पेमेंट को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर कलेक्टर सिंह ने लोक सेवा केंद्र पर आधार कार्ड बनवाने आए एक नागरिक को स्वयं आधार कार्ड प्रदान किया।