खुरई में स्वागत है दिग्विजय सिंह जी लेकिन इनके घर भी जाकर माफी मांगें
*मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कांग्रेस सरकार में खुरई में प्रताड़ित भाजपा कार्यकर्ताओं की सूची जारी की*
*कांग्रेस की सवा साल की सरकार में खुरई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं पर 70 से अधिक झूठे प्रकरण बनाए गएः मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह

सागर:- नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सागर यात्रा के घोषित किए गए कार्यक्रम पर सवाल खड़ा करते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह को पहले उन भाजपा कार्यकर्ताओं के घर जाकर माफी मांगना चाहिए जिनको कांग्रेस की सवा साल की सरकार में प्रताड़ित किया गया और झूठे मुकदमे बनाए गये। मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन में खुरई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं पर 70 से भी अधिक फर्जी प्रकरण बनाए गए साथ ही मुझे और मेरे परिवार को भी प्रताड़ित किया गया, परिवार पर खुरई थाने में फर्जी प्रकरण बनाए गए। मेरी स्वयं की पैतृक जमीन जिस पर होटल दीपाली बनी है कई बार उसका सीमांकन किया गया। जिसमें कुछ नहीं पाया गया। मेरी चिटाई ग्राम में स्थित पैतृक जमीन में मुझे अतिक्रमण का नोटिस दिया गया जिस पर हाईकोर्ट ने स्टे दिया। मेरे भतीजे लखन सिंह और अशोक सिंह पर खुरई थाने में मारपीट एवं एट्रोसिटी एक्ट के फर्जी प्रकरण बनाए गए। मंत्री सिंह ने कहा कि बरोदिया पुलिस चौकी में उनके खिलाफ एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति लखन अहिरवार से झूठी शिकायत कराई गई थी जिसमें कांग्रेस के तत्कालीन ब्लाक अध्यक्ष गवाह थे। यह केस भी जांच में झूठा सिद्ध हुआ।
लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस के लोगों के द्वारा मतदान के समय खुलेआम तीन चैपहिया गाड़ियों में भरकर आए कांग्रेस के गुंडों ने दिन के 12 बजे से शाम 3 बजे तक खुरई के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर जाकर पुलिस की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं पर प्राणघातक हमले किए जिसमें कमलेश राय, राम शास्त्री, श्रीकांत कौशिक सहित छह भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए जिनकी सीसी टीव्ही रिकार्डिंग और फोटोग्राफ उपलब्ध हैं, पर इनमें से किसी भी प्रकरण में किसी कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी नहीं हुई और इन सभी प्रकरणों में खात्मा लगा दिया गया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि क्या दिग्विजय सिंह इन भाजपा कार्यकर्ताओं के घर जाकर माफी मांगेंगे।
मंत्री श्री सिंह ने पत्रकार वार्ता में खुरई में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस की सवा साल में बनाए गए झूठे आपराधिक प्रकरणों की सूची भी जारी की। उन्होंने कहा कि भाजपा या मेरे द्वारा कभी किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ एक भी गलत प्रकरण नहीं बनवाया। हमने हमेशा विकास और प्रगति पर केंद्रित समरसता की राजनीति की है। दिग्विजय सिंह के आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। खुरई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है कांग्रेस को आरोप लगाने की जगह सत्यता स्वीकार करना चाहिए। दिग्विजय सिंह के कार्यक्रम में खुरई में कांग्रेस के लोग नहीं मिल रहे इसलिए सागर जिले के 180 गाड़ियां ले जाने की बात हो रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.