दिल्ली में जींस पर कैंची चलाने लगीं महिला कांग्रेस, उत्तराखंड CM का अनोखा विरोध
नई दिल्ली
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जींस वाले बयान पर बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्षी दलों की ओर से लगातार इस बयान पर विरोध जताया जा रहा है। शुक्रवार राजधानी दिल्ली में इस बयान को लेकर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।

जींस पहनकर कनॉट प्लेस विरोध करने पहुंची महिला कार्यकर्ताओं ने कैंची से जींस काटा। जींस काटकर महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया साथ ही उत्तराखंड के सीएम के खिलाफ पोस्टर बैनर भी लहराए। प्रदर्शन करने पहुंची महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब ये लोग तय करेंगे कि महिलाएं क्या पहने। इससे उनका संस्कार तय होगा।
लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच तीरथ सिंह रावत मुख्यमंत्री बनने के बाद आज दिल्ली पहुंचे हैं। तीरथ सिंह रावत ने फटी जींस पर दिए अपने बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि अगर इससे किसी को दुख पहुंचा हो तो क्षमा मांगता हूं।
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत महिलाओं को लेकर एक बयान देकर घिर गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा था कि औरतों को घुटने के पास फटी जींस पहने देखकर हैरानी होती है। ऐसी महिलाएं बच्चों के सामने ऐसे कपड़े पहनेंगी तो उन्हें क्या संस्कार देंगी। मन में सवाल उठता है कि इससे समाज में क्या संदेश जाएगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.