SAGAR NEWS: इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड में लगातार तीसरी बार सागर बना विजेता

इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड में लगातार तीसरी बार सागर बना विजेता
-आईसेक अवार्ड 2019, 2020 पाने के बाद अब 2022 में भी विजेता बना सागर
सागर, सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा नागरिकों की उच्च जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर विकास अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न परियोजना कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन को लगातार राष्ट्रीय मंच पर सराहा जा रहा है। इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड आईसेक 2019 और 2020 में विजेता बनकर अवार्ड से सम्मानित हो चुकी सागर स्मार्ट सिटी लगातार तीसरी बार आईसेक 2022 में विजेता बनी है। सागर स्मार्ट सिटी ने मोबिलिटी श्रेणी में देश की 100 स्मार्ट सिटीज में तीसरा स्थान हासिल किया। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड (आईसेक अवार्ड-2022) के विजेताओं की घोषणा शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आयोजित अवार्ड अनाउंसमेंट सेरेमनी में स्मार्ट सिटीज मिशन डायरेक्टर श्री कुणाल कुमार की उपस्थिति में की गई। इस कार्यक्रम में देश के सभी 100 स्मार्ट सिटीज एवं प्रदेशों के प्रतिनिधि वीसी से शामिल हुए। जून 2022 में इस इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड (आईसेक अवार्ड-2022) अंतर्गत विभिन्न केटेगरी में देशभर के स्मार्ट सिटीज द्वारा 815 प्रविष्टियां जमा की गईं थी। कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड श्री चंद्र शेखर शुक्ला के निर्देशानुसार आईसेक अवार्ड-2022 के नोडल अधिकारी, कम्पनी सचिव श्री रजत गुप्ता ने सागर स्मार्ट सिटी की प्रविष्टी जमा कराई और अवार्ड हेतु राष्ट्रीय स्तर पर गठित जूरी मेंबर्स के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिया था। मध्यप्रदेश की सभी 7 स्मार्ट सिटीज द्वारा शहर विकास हेतु चयनित विभिन्न परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए स्टेट केटेगरी में मध्यप्रदेश ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया।

इस केटेगरी में विजेता बना सागर

सागर स्मार्ट सिटी को मोबिलिटी केटेगरी में विजेता घोषित करते हुए बेहतर यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के लिए इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) द्वारा किए गए प्रयासों के लिए राष्ट्रीय मंच पर सराहा गया है। सागर स्मार्ट सिटी के इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) अंतर्गत शहर में यातायात निगरानी के लिए उपकरण आधारित नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है। शहर में लगभग 200 कैमरे 20 जंक्शनो पर लगाकर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ कर निगरानी की जा रही है। विभिन्न चौराहों पर सार्वजनिक घोषणा प्रणाली द्वारा लगातार नागरिकों व आगनतुकों को सड़क सुरक्षा हेतु यातायात नियमों का पालन करने की सूचना प्रदान कर जागरूक किया गया है। इसके साथ ही अन्य आवश्यक सूचनाएं भी लगातार प्रदान की जा रहीं हैं। यातायात नियम उल्लंघन करने पर ऑनलाइन चालानी कार्यवाही से शहर में वाहन चालक यातायात नियमों के प्रति जागरूक हुए हैं। विभिन्न स्थलों पर स्थापित स्पीड डिक्टेशन की मदद से वाहनों की रोड पर स्पीड को नियंत्रित कर सड़क दुर्घटना की संभावना को समाप्त करने में मदद मिल रही है। इसके साथ ही चौराहों पर स्थापित इमरजेंसी कॉल बॉक्स के माध्यम से आपात स्थिती में रहवासियों को सहयोग मिल रहा है।
आईटीएमएस की सड़क सुरक्षा के उल्लेखनीय कार्यों सहित शहर की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका है। एक नंबर प्लेट से दो वाहन चलाने वाले लगभग 200 लोगों को पकड़वाया गया है इनमें से कई लोगों की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने की संभावना थी। पुलिस विभाग द्वारा 106 चोरी के वाहनों को पकड़वाने में सहयोग दिया। इसके साथ ही स्मगलिंग, मर्डर, एक्सीडेंट कर भागने वाले वाहनों को पकड़वाने, शहर में विभिन्न स्थलों पर चोरी की घटनाओं, महिला अपराध, गुमशुदा तलाश एवं अपहरण आदि अपराधों को शीघ्र फाइंड कर हल करने में भी आईटीएमएस ने उल्लेखनीय सहयोग दिया है। सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर में बेहतर मोबिलिटी के लिए सड़क सुरक्षा और सतत गतिशीलता के साथ सुगम आवागमन हेतु समग्र प्रयास किए जा रहे हैं। सुव्यवस्थित चौड़ी सड़कों का निर्माण कर चौराहों का विकास किया जा रहा हैं।

0/Post a Comment/Comments

Domain