PM ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा

PM ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा 
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में कहा, 'मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है। जब मोदी गारंटी देता है, तो वो जमीन पर उतरती है। घर-घर पहुंचती है।'

कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए PM ने कहा, 'कांग्रेस को अब कांग्रेस के नेता नहीं चला रहे । अब कांग्रेस एक कंपनी बन गई है। नारों से लेकर नीतियों तक हर चीज आउटसोर्स कर रही है। ये ठेका अब कुछ अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की चल रही है।'

PM ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने अपनी सारी इच्छाशक्ति खो दी है। कांग्रेस के जमीन से जुड़े नेता चुपचाप मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, बैंक करप्ट हुई, अब अपना ठेका दूसरे लोगों को दे दिया है। ये ग्राउंड पर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता महसूस कर रहा है। कांग्रेस जमीन पर लगातार खोखली हो रही है। '

PM ने आग्रह करते हुए कहा, '2 अक्टूबर को बापू की जयंती है। इससे पहले 1 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम पूरे देश में होने वाला है। मेरा आग्रह है कि आप सभी इस स्वच्छता के कार्यक्रम में जुड़िए। त्योहारों में हमें 'वोकल फॉर लोकल' याद रखना है। खादी के कपड़े खरीदने हैं। जो गिफ्ट खरीदें, वो लोकल हो, भारत में बना हो, यह बात हमें कभी भी भूलनी नहीं है।' महिला आरक्षण बिल पर...

विपक्ष ने खट्टे मन से समर्थन किया

मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो गई। लोकसभा-राज्यसभा में 33% सीट आरक्षित करने का कानून 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पारित हुआ। दशकों से देश की माताएं-बहनें इसका इंतजार कर रही थीं। यह तक कहा जाने लगा था कि शायद यह कभी नहीं हो पाएगा।

कांग्रेस और उसके नए घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्टे मन से किया। इनके गठबंधन में जितने लोग हैं, वही लोग हैं, जिन्होंने 30 साल तक इस कानून को पारित नहीं होने दिया । पार्लियामेंट में हुड़दंग किया, बिल फाड़ दिए, स्पीकर पर हमले बोल दिए ।

इनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मजबूरी में समर्थन इसलिए करना पड़ा, क्योंकि मेरी माताएं बहनें जाग गई हैं। उन्होंने अपनी शक्ति का परिचय करवा दिया है। ये माताओं-बहनों से डरे हुए हैं। इसलिए सिर नीचा कर हाउस में बेमन से अंगुली दबा दी। 
ये नया खेल खेलेंगे, पक्का मानिए

घमंडिया गठबंधन के लोग माताओं - बहनों को धोखा देना का तय करके बैठे हैं, तैयार बैठे हैं। 
कांग्रेस के घमंडिया साथी वही हैं, जिन्होंने इस कानून को रोकने के लिए हर मर्यादा तोड़ी है। इनकी यह सोच आज भी नहीं बदली है। ये लोग बहुत बौखलाए हुए हैं।

ये अब एक नया खेल खेलेंगे। पक्का मानिए । यह नारी शक्ति को बांटने की पूरी कोशिश करेंगे। अफवाहें फैलाएंगे। देश की हर माता, बहन, बेटी को सावधान, सतर्क और एकजुट रहना होगा। ये वही लोग हैं, जिन्होंने द्रौपदी मुर्मू को देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने से रोकने का प्रयास किया।

ये वही लोग हैं, जिन्होंने देश की सेनाओं के अग्रिम मोर्चों में बेटियों की एंट्री को रोक कर रखा था। अगर इनकी नीयत ठीक होती तो वे क्या मोदी को करोड़ों बहनों के नाम पक्के घर करने देते। आज आजादी के इतने साल बाद यह काम मुझे करना पड़ रहा है। इनको नहीं दिखता था कि सब कुछ पुरुष के नाम पर है। 
महिला हित में किए गए कामों पर...

मुझे टॉयलेट बनवाना पड़े, क्या ये नहीं बना सकते थे

अगर इनकी नीयत महिला हित की होती तो क्या मोदी को करोड़ों टॉयलेट बनाने पड़ते। क्या टॉयलेट नहीं बना सकते थे ये लोग? ये काम भी मुझे करना पड़ा। अंधेरे का इंतजार करती माताओं - बहनों को देखकर इनकी आंखों में क्यों पानी नहीं आता था?

इनकी नीयत ठीक होती तो बहनों को धुएं में जीने को मजबूर न होना पड़ता। बहनों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने की मेहनत मोदी को क्यों करना पड़ी? महिलाओं को पानी की बूंद-बूंद के लिए दशकों तरसा कर नहीं रखते। हमें बेटियों को बचाने, उन्हें पढ़ाने के लिए आवाज नहीं उठानी पड़ती।

ये महिलाओं के हित में काम करते तो मोदी को आकर आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की व्यवस्था नहीं करना पड़ती। इन्होंने तो महिलाओं को बैंक से भी दूर रखा। देश की करोड़ों बहनों के जन-धन खाते आपके इस सेवक को खुलवाने पड़े। 
केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर...

यह सरकार चुनौतियों को चुनौती दे सकती है

देवी अहिल्या बाई और रानी दुर्गावती सहित हमारे अनेक पूर्वजों ने भारत की विरासत को समृद्ध करने में भूमिका निभाई। कांग्रेस और उसका घमंडिया गठबंधन हमारी इस विरासत - सनातन को समाप्त करना चाहता है। ऐसे दलों से एमपी को बहुत सावधान रहना होगा।

• आज भारत एक बहुत महत्वपूर्ण कालखंड में प्रवेश कर चुका है। हर देश भारत से मित्रता करना चाहता है। हर निवेशक यहां अवसर देख रहा है। चंद्रयान का गौरवगान हो रहा है। कुछ दिन पहले हुए जी-20 सम्मेलन में हमारी भूमिका और सशक्त हुई है। यह इसलिए है, क्योंकि आपने स्थिर और मजबूत सरकार चुनी।

यह सरकार चुनौतियों को चुनौती दे सकती है। हजार वर्ष के गुलामी के कालखंड में हमने जो आत्मविश्वास खोया, आज भारत उस आत्मविश्वास को पुन: जी रहा है। आज हम जो फैसले लेंगे, वो आने वाले हजार साल की हमारी यात्रा को तय करने वाले हैं। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, उस विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके भी नहीं । कांग्रेस और BJP में फर्क पर...

मोदी का मिजाज, मेहनत, मिशन अलग, कांग्रेस पुराने ढर्रे पर

कांग्रेस आज भी उसी पुरानी ढर्रे, मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए इनके नेताओं के लिए गरीब का जीवन मायने नहीं रखता है। कांग्रेस नेताओं के लिए गरीब का जीवन एक एडवेंचर टूरिज्म है। बेईमानी और भ्रष्टाचार की नीयत उन्हें अच्छा काम करने से रोकती थी।

मोदी का मिजाज भी अलग है, मेहनत भी अलग है और मिशन भी अलग है। मेरे लिए देश और देशवासियों से बड़ा कुछ भी नहीं है। मैं अभाव में रहा हूं, लेकिन अपने देश को अभाव में नहीं रहने दूंगा। मुफ्त राशन और इलाज गरीब की चिंता दूर करने का अवसर कांग्रेस के पास भी था, लेकिन नीयत और इच्छाशक्ति नहीं थी।

0/Post a Comment/Comments

Domain