सागर में बच्ची के गले से सोने की हाय काटने का प्रयास,सीसीटीवी से पकड़े आरोपी

सागर में बच्ची के गले से सोने की हाय काटने का प्रयास,सीसीटीवी से पकड़े आरोपी
शहर की पॉश कॉलोनी गीतांजली ग्रीन सिटी में एक बच्ची के गले से सोने की हाय काटने की कोशिश की गई। बच्ची ने घर आकर परिजन को जानकारी दी। सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो पता चला कि पड़ोस का ही एक युवक व किशोर बच्ची को पेड़ दिखाने ले गया और धारदार वस्तु से उसकी पेंडिल (हाय) काटने लगा तो वह भाग निकली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। यह कॉलोनी लगातार चोरियों के कारण बदनाम है। पिछले 2 साल में यहां 5 बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। इन चोरियों के एक बाहरी गैंग की जानकारी लगी है। मोतीनगर पुलिस चोर गिरोह की तलाश में जुटी है।

संजय ड्राइव रोड स्थित गीतांजली ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता मनीष जैन की बेटी बुधवार को घर के बाहर खेल रही थी। दिन दहाड़े दो लड़के बच्ची को पेड़ दिखाने का कहकर पास में ले गए। यहां उसके गले से सोने की हाय काटने लगे तो बच्ची चिल्लाई और दौड़कर घर आ गई। बच्ची ने पिता को इसकी जानकारी दी। पिता ने मोतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो उसमें दो लड़के बच्ची की हाय काटने की कोशिश करते दिखे। मोतीनगर थाना प्रभारी संधीर चौधरी ने बताया कि कॉलोनी के रहने वाले वैभव जैन व 16 वर्षीय किशोर ने यह हरकत की थी। दोनों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया है। उनसे पूछताछ चल रही है।

कॉलोनी के गेट पर गार्ड लेकिन रोकटोक नहीं

गीतांजली ग्रीन सिटी कॉलोनी के मुख्य द्वार पर गार्ड तैनात है लेकिन आने-जाने वालों से रोकटोक नहीं की जाती। पुलिस के अनुसार गार्ड को कॉलोनी के ही लोग पूछताछ करने पर धमकाते हैं, जिससे वह उनकी एंट्री नहीं करता। इस कॉलोनी में लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है। जिससे बाहरी लोग आ जा रहे हैं। जिससे यहां रहने वाले लोग खुद का असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लगातार चोरियों के बाद यहां एक समिति बनाई गई थी, लेकिन कोई खास बदलाव नहीं आया। बच्ची की हाय काटने की कोशिश का मामला बेहद गंभीर है। सूने घरों के ताले तोड़कर चोरी, एक का भी खुलासा नहीं कर पाई पुलिस हाउस नंबर 151- ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी फरियादी संकल्प पाराशर ने बताया कि 5 महीने पहले उनके यहां भी चोरी हुई थी।

घर पर ताला लगाकर परिजन सुरखी गए थे। पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर में चोरी हो गई है। सुरखी से वापस आकर देखा तो दरवाजे में लगा ताला और कुंदा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर टूटा था और उसमें रखे गहने एक सोने का हार, चार सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी के पायल और 2 लाख 35 हजार रुपए नकद गायब थे। इसके दो दिन पहले हाउस नंबर 82- वाले घर में रहने वाले विनय रावत के यहां भी चोरी हुई थी। वे परिवार के साथ मुंबई गए थे। इस बीच चोरों ने उनके सूने घर के ताले तोड़कर गहने व अन्य सामान चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक नजर आए थे।

हाउस नंबर 90- गीतांजलि ग्रीन सिटी निवासी बैंक प्रबंधक सोनू अग्रवाल के सूने मकान में भी चोरों ने सेंध लगाई थी। वे त्योहार मनाने के लिए अपने घर गुना गए हुए थे। तभी बदमाश ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात कीमती करीब 60 हजार रुपये ले गए थे। इसके बाद कुछ और भी चोरियां हुईं, लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर पाई। चोरियां का सुराग मिला है, जल्द पकड़े जाएंगे चोर मोतीनगर थाना प्रभारी चौधरी का कहना है कि मेरी पोस्टिंग के दौरान एक चोरी हुई थी। इसके पहले की चोरियों की जानकारी नहीं। गीतांजली ग्रीन सिटी कॉलोनी में बाहरी चोर गिरोह ने वारदात की है। गिरोह की धरपकड़ के लिए टीम काम कर रही है।

0/Post a Comment/Comments

Domain