नवविवाहिता महिला ने जहर खाकर दे दी जान

नवविवाहिता महिला ने जहर खाकर दे दी जान 
छतरपुर। खजुराहो थाना क्षेत्र स्थित धबाड़ पंचायत के भरवा गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। युवती ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग थी। उसने मायके में जहर खा लिया। जिसे मायके पक्ष ने इलाज के लिए राजनगर के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण तीन घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसकी बॉडी का रविवार की दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दी गई। और पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
भरवा गांव की 22 वर्षीय सविता अहिरवार का विवाह दो साल पहले कतरवारा गांव के जगदीश अहिरवार के साथ हुआ। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर सविता के पिता महादेव अहिरवार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवविवाहिता को 15 दिन पहले पिता के घर भेज दिया।
शनिवार की दोपहर महिला घर पर छोटी बहन ज्योति के साथ थी। माता-पिता विक्रमपुर भानेज की शादी में गए थे। इस दौरान महिला ने दोपहर में 1:30 बजे घर पर रखा जहर खा लिया।
जानकारी लगते ही परिजन उसे 2 बजे राजनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन हालत गंभीर होने पर ड्यूटी डॉक्टर ने उसे शाम 4 बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां पर तीन घंटे तक इलाज चलने के दौरान शाम 5 बजे महिला की अचानक हालत बिगड़ी और मौत हो गई। रविवार की दोपहर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया।
पति के चरित्र संदेह पर होता था
मृतिका की मां राजाबाई अहिरवार ने बताया कि शादी के कुछ दिनों तक तो सब ठीक रहा। लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर सविता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बीच सविता को पता चला कि पति के अपनी ही भाभी के साथ संबंध है।

इस बात का विरोध करने पर पति और उसकी मां उसके साथ मारपीट करने लगे। इस विवाद के चलते ससुराल पक्ष के लोग उसे मायके नहीं भेज रहे थे। इस बात की शिकायत मायके पक्ष ने थाने में की और बेटी को मायके बुलाया लिया।

0/Post a Comment/Comments

Domain