नवविवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर झूलता मिला,परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप

नवविवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर झूलता मिला,परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप
बीना के सुभाष वार्ड निवासी एक नवविवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। मायके पक्ष के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इस मामले में परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार रिया पति दीपक वाल्मीकि (25) का शव घर में फंदे पर झूलता मिला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। मृतिका की मां, भाई के आने के बाद पीएम कराया गया। महिला के भाई तरुण ने आरोप लगाया कि पति और मामा बहन को प्रताड़ित करते थे। किसी बाबा से जीजा ने दीक्षा ली थी और उनके बताए अनुसार रहने का कहता था। जिसका विरोध करने पर बहन के साथ मारपीट करते थे। यहां तक वह बहन को मंगल सूत्र, मांग, गहने, बिछिया, पायल तक पहनने नहीं देता था। इनसे प्रताड़ित होकर बहन मायके चली गई थी, लेकिन वह उसे फिर ससुराल ले आया। जहां दो दिन बाद यह घटना हुई है। महिला की मां ने पति दीपक और उसके मामा पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

उनका आरोप है कि बेटी का चेहरा काला पड़ गया था और हाथ में सूजन थी। उसके साथ मारपीट की गई है। मृतिका के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। नायब तहसीलदार हेमराज मेहर ने अस्पताल पहुंचकर मायके पक्ष के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच जारी

बीना थाने के उपनिरीक्षक रामदीन सिंह ने बताया कि मृतिका के पास एक सुसाइड नोट मिला है। जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा मृतिका के मायके पक्ष ने जो आरोप ससुराल पक्ष पर लगाए हैं। इसकी भी जांच की जाएगी।

0/Post a Comment/Comments

Domain